14 जून 2011

सामयिक दोहा मुक्तिका: संदेहित किरदार..... संजीव 'सलिल

सामयिक दोहा मुक्तिका:
संदेहित किरदार.....
संजीव 'सलिल
*
लोकतंत्र को शोकतंत्र में, बदल रही सरकार.
असरदार सरदार सशंकित, संदेहित किरदार..

योगतंत्र के जननायक को, छलें कुटिल-मक्कार.
नेता-अफसर-सेठ बढ़ाते, प्रति पल भ्रष्टाचार..

आम आदमी बेबस-चिंतित, मूक-बधिर लाचार.
आसमान छूती मंहगाई, मेहनत जाती हार..

बहा पसीना नहीं पल रहा, अब कोई परिवार.
शासक है बेफिक्र, न दुःख का कोई पारावार..

राजनीति स्वार्थों की दलदल, मिटा रही सहकार.
देश बना बाज़ार- बिकाऊ, थाना-थानेदार..

अंधी न्याय-व्यवस्था, सच का कर न सके दीदार.
काले कोट दलाल- न सुनते, पीड़ित का चीत्कार..

जनमत द्रुपदसुता पर, करे दु:शासन निठुर प्रहार.
कृष्ण न कोई, कौन सकेगा, गीता-ध्वनि उच्चार?

सबका देश, देश के हैं सब, तोड़ भेद-दीवार.
श्रृद्धा-सुमन शहीदों को दें, बाँटें-पायें प्यार..

सिया जनास्था का कर पाता, वनवासी उद्धार.
सत्ताधारी भेजे वन को, हर युग में हर बार..

लिये खडाऊँ बापू की जो, वही बने बटमार.
'सलिल' असहमत जो वे भी हैं, पद के दावेदार..

'सलिल' एक है राह, जगे जन, सहे न अत्याचार.
अफसरशाही को निर्बल कर, छीने निज अधिकार..

*************

13 जून 2011

बिहार में पुलिसिया बर्बरता के लिये  जिम्मेदार व्यवस्था से ज़वाब लेकर हम क्या करेंगें हमारी पीड़ा तो यह कि इस देश में  
बर्बरता का बड़ता आकार न जाने कब हमारी आने वाली पीढ़ी को लील जाए, शायद हमको भी कौन जाने. भारत में इस मर्मांतक स्थिति के लिये हम ही ज़िम्मेदार हैं, भ्रष्टाचार पर आवाज़ उठाना "ठगी" साधारण अपराध की सज़ा सरे आम मौत 
और आतंक वाद की सज़ा नक्सल वाद की सज़ा ...??
क्या हो गया है इस देश को यहां कोई ऐसा राष्ट्रप्रेमी क्यों नहीं आगे आता जो देश  को सच्चा मार्ग सुझाए, क्या बिहार क्या अन्य प्रदेश  सभी जगह सर्वहारा यानी आख़िरी छोर वाला आम आदमी यूं ही तो मरता है. शायद वो वक्त दूर नहीं जब यह व्यवस्था स्वयमेव चरमरा के धाराशाई न हो जाए . सुधार लो भाई इस इंतज़ाम को 

12 जून 2011

ब्लागर डा० किसलय को नई दुनिया ने किया जबलपुर साहित्य रत्न से विभूषित



यशस्वी ब्लागर डाक्टर विजय तिवारीकिसलय का चयन  "जबलपुर-साहित्य रत्न" के लिये प्रथम पांच में जूरी द्वारा किया गया है. यह ब्लागजगत के लिये गौरव की बात होगी अगर उनको सम्मान प्राप्त होता है. आपसे विनत अनुरोध है कि उनको अपना एक बहुमूल्य वोट देकर डा० तिवारी को सहयोग करें   सभी स्नेही जनों ने किसलय जी को वोट किया और डाक्टर विजय तिवारी को हासिल हुआ वो सम्मान जिसे पाना एक गौरव पूर्ण घटना है किसलय जी के लिये समूचे ब्लाग जगत के लिये . 



डाक्टर किसलय जी को बीसियों प्रस्तावों में से श्रेष्ठ पांच में चुना था नई दुनिया जबलपुर ने जिसमें शामिल थे वयोवृद्ध साहित्यकार चिंतक श्रीयुत हरिकृष्ण त्रिपाठी, रंगकर्मी साहित्यकार श्रीमति साधना उपाध्याय, कथाकार श्री राजेंद्र दानी, एवम श्रीयुत गार्गी शरण मिश्र जिनका स्नेह श्री किसलय को प्राप्त है.  

कौन हैं किसलय जी 
  जन्म तिथि 05फरवरी 1958 को महाकवि राजशेखर की राजधानी तेवर जबलपुर   में जन्में किसलय जी की शिक्षा एम. . (समाज शास्त्र ), भारतीय विद्या भवन मुंबई से पी. जी. डिप्लोमा इन जर्नलिज़्म, इले. होम्योपैथी    स्नातक, कंप्यूटर की बेसिक शिक्षा.प्राप्त कर चुके हैं.                            


           दशकों से आकाशवाणी  एवं टी. वी. चेनलों पर लगातार प्रसारण. एवं काव्यगोष्ठी का संचालन. ,  कहानी पाठ तथा समीक्षा गोष्ठियों का आयोजन करने वाली संस्था 'कहानी मंच जबलपुर' के संस्थापक सदस्य. साथ ही पाँच वर्ष तक लगातार पढ़ी गयीं कहानियों के 5 वार्षिक संकलनों के प्रकाशन का सहदायित्व निर्वहन.,मध्य प्रदेश लेखक संघ जबलपुर के संस्थापक सदस्य. जबलपुर के वरिष्ठ पत्रकार स्व. हीरा लाल गुप्त की स्मृति एवं पत्रकारिता सम्मान समारोह का सन 1997 से   लगातार आयोजन-सहयोगी, स्थानीय, प्रादेशिक, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय लगभग दो दर्जन पुस्तकों की समीक्षा, विभिन्न एकल, अनियमित तथा नियमित पत्रिकाओं का संपादन. साहित्यिक गोष्ठियों में सहभागिता एवं संचालन. अंतरराष्ट्रीय अंतरजाल (इंटरनेट) के ब्लागरों में सम्मानजनक स्थिति.
डॉ. काशीनाथ सिंह, डॉ. श्रीराम परिहार, प्रो.ज्ञान रंजन, आचार्य भगवत दुबे सहित ख्यातिलब्ध साहित्यकारों का सानिध्य पाने वाले किसलय जी हिन्दी काव्याधारा की दुर्लभ काव्यविधा "आद्याक्षरी" में लगातार लेखन कर रहे हैं.  
                       विजय के अभिन्न मित्र वसंत मिश्रा,राजीव गुप्ता,राजेश पाठक, रमाकांत ताम्रकार, डा०रमेश सैनी,कुंवर प्रेमिल, डा० संध्या जैन ’श्रुति’,अरुण यादव, द्वारका गुप्त, के लिये यह खबर जहां उत्साह जनक थी वहीं ब्लागर समीर लाल , ललित शर्मा,बवाल सहित सभी ब्लागर्स की ओर से  बधाईयां
प्रकाशन :-  काव्य संग्रह " किसलय के काव्य सुमन " का सन 2001 में प्रकाशन. गद्य-पद्य  की 2 पुस्तकें शीघ्र प्रकाश्य
 हिन्दी व्याकरण पर सतत कार्य एवं राष्ट्रभाषा हिन्दी के प्रचार - प्रसार हेतु संकल्पित.
श्री किसलय जी  स्वतन्त्र पत्रकारिता एवं साहित्य लेखन के चलते लगभग 35 वर्ष से प्रकाशन. कविताओं, कहानियों, लघुकथाओं, आलेखों, समीक्षाओं का सतत् लेखन के लिये प्रतिबद्ध हैं
ब्लागलेखन :- "हिन्दी साहित्य संगम" अंतराजालीय ब्लाग पर नियमित लेखन एवं हिन्दी साहित्य संगमके संस्था के द्वारा लगातार औचक रूप से साहित्यिक गोष्ठियां करने का करिश्मा कर देते हैं विजय भाई.       
अन्य:-  धर्मार्थ इले. होम्योपैथी चिकित्सा का सीमित संचालन. सामाजिक संस्थाओं एवं निजी तौर पर समाज सेवा. विदेशी डाक टिकटों का संग्रह, नवीन टेक्नोलॉजी एवं वैश्विक घटनाओं की जानकारी में रूचि. बाह्य आडंबर, साहित्यिक खेमेबाजी, सहित्य वर्ग विभाजन (जैसे छायावाद, प्रगतिशील, दलित साहित्य आदि)   से परहेज. क्योंकि साहित्य साहित्य होता है.
संप्रति म. प्र. पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमि. जबलपुर के वित्त एवं लेखा विभाग में कार्यालय सहायक.
सम्पर्क:-
 विजय तिवारी " किसलय
'विसुलोक', 2419 मधुवन कालोनी,
विद्युत उपकेन्द्र के आगे, उखरी रोड,
बल्देव बाग, जबलपुर. 482002.
मोबाईल क्रमांक: 094 253 253 53.

11 जून 2011

घनाक्षरी संजीव 'सलिल'

घनाक्षरी
संजीव 'सलिल'

*
.... राजनीति का अखाड़ा घर न बनाइये..
नीतिपरक :

जनगण हितकर, लोकनीति शीश धर, पद-मद भूलकर, देश को चलाइए.
सबसे अधिक दीन, सबसे अधिक हीन, जो है हित उसका न, कभी भी भुलाइए..
दीनबंधु दीनानाथ, द्वारिका के अधिपति, सम राज-पाट तज, मीत अपनाइए..
कंस को पछारिए या, मुरली को बजाइए, राजनीति का अखाड़ा, घर न बनाइये..
*
लाख़ मतभेद रहें, पर मनभेद न हों, भाई को गले हमेशा, हँस के लगाइए.
लात मार दूर कर, दशमुख-अनुज सा, दुश्मन को न्योत घर, कभी भी न लाइए..
भाई को दुश्मन कह, इंच भर भूमि न दे, नारि-अपमान कर, नाश न बुलाइए.
छल-छद्म, दाँव-पेंच, कूटनीति, दंद-फंद, राज नीति का अखाड़ा घर न बनाइये..
*
.....बन्नो का बदन जैसे, क़ुतुब मीनार है..
शहनाई गूँज रही, नाच रहा मन मोर, जल्दी से हल्दी लेकर, करी मनुहार है.
आकुल हैं-व्याकुल हैं, दोनों एक-दूजे बिन, नया-नया प्रेम रंग, शीश पे सवार है..
चन्द्रमुखी, सूर्यमुखी, ज्वालामुखी रूप धरे, सासू की समधन पे, जग बलिहार है..
 गेंद जैसा या है ढोल, बन्ना तो है अनमोल, बन्नो का बदन जैसे, क़ुतुब मीनार है..
*
....देख तेरी सुंदरता चाँद भी लजाया है..
जिसका जो जोड़ीदार, करे उसे वही प्यार, कभी फूल कभी खार, मन के मन भाया है.
पास आये सुख मिले, दूर जाये दुःख मिले, साथ रहे पूर्ण करे, जिया हरषाया है..
चाह वाह आह दाह, नेह नदिया अथाह, कलकल हो प्रवाह, डूबा-उतराया है.
गर्दभ कहे गधी से, आँख मूँद कर जोड़, देख तेरी सुन्दरता चाँद भी लजाया है..
*
.... नार बिन चले ना.
पाँव बिन चल सके, छाँव बिन ढल सके, गाँव बिन पल सके, नार बिन चले ना.
नार करे वार जब, नैनन में नार आये, नार बाँध कसकर, नार बिन पले ना..
नार कटे ढोल बजे, वंश-बेल आगे बढ़े, लडुआ-हरीरा बँटे, बिन नार जले ना.
'सलिल' नवीन नार, नगद या हो उधार, हार प्यार अंगार, टाले से टले ना..
(छंद विधान : ८-८-८-७)
**********